घर-ऑफिस से हटकर अपने लिए भी निकालें थोड़ा वक्त, बनाएं खुद से एक रिश्ता
दूसरों के लिए सोचना उन्हें वक्त देना बहुत ही पॉजिटिव कदम है, लेकिन कभी-कभी खुद के लिए वक्त निकालना और अपने होने का एहसास करना सुकून देता है।
समाज में हम बहुत से लोगों से रिश्ते बनाते हैं। लेकिन जिस तरह हम बाहरी रिश्ते बनाते हैं, हमें स्वयं से भी अपना रिश्ता बनाना चाहिए।
खुद से बनाएं रिश्ता
इस बात पर बराबर नजर रखनी चाहिए कि हमारे खुद से रिश्ते कैसे हैं। वर्तमान की भागदौड़ वाली जिंदगी में हम इतने व्यस्त हो चुके हैं कि हमारे पास खुद के लिए समय ही नहीं है। सुबह से लेकर शाम तक हम जो कुछ भी कर रहे हैं, वो ज्यादातर काम सिर्फ दूसरों के लिए ही होते हैं। स्वयं के लिए जीने की समझ, संभावना और गुंजाइश, तीनों ही हमारे भीतर से लगभग गुम होती जा रही है। अगर आप इस व्यस्त जीवन में खुश रहना चाहते हैं तो थोड़ा वक्त खुद के लिए निकालना बेहद जरूरी है। जिन लोगों की आप देखभाल करते हैं उनकी लिस्ट में खुद का नाम भी शामिल करें। ऐसा कुछ करें जो आप काफी दिन से करने का सोच रहे थे, लेकिन समय की कमी के चलते नहीं कर पा रहे।
दोस्तों के साथ बिताएं वक्त
उन दोस्तों से जाकर मिलें जिनसे पिछले कुछ समय में आप नहीं मिल पाए हों। इसमें कोई शक नहीं कि सोशल लाइफ में बने रहने से हेल्दी रहा जा सकता है। इसलिए दोस्तों के साथ मिलकर कुछ ऐसा काम करें, जिससे आपको सुकून मिले। ऐसा करने से आपके भीतर एक नई एनर्जी का संचार होगा। वक्त को इस तरह बांटिए कि आपके लिए भी थोड़ा सा समय जरूर रहे। कुछ लोगों के शौक ही उनका व्यवसाय बन जाते हैं। फिर उन्हें खुद को समय देना जरूरी नहीं होता, लेकिन ऐसे लोग काफी कम हैं। अधिकतर लोगों के शौक और काम, दोनों अलग-अलग होते हैं। काम का दबाव दिमाग पर होता है और शौक का दबाव दिल पर।
क्रेडिट लेने में बुराई नहीं
इस बात को स्वीकारें कि अगर आप सफल हैं, तो जरूर इसमें आपने खुद की मदद की है। क्योंकि आपने मेहनत की है, आप टैलेंटेड हैं और आपने सही समय पर परफॉर्म किया है। जब कोई आपकी तारीफ करे तो ‘धन्यवाद’ कहकर स्वीकार करना सीखें। ये शब्द ताकत देता है।
खुद की तारीफ रखती है मायने सतही वाह-वाहियों पर ज्यादा निर्भर नहीं रहना चाहिए। सबसे अच्छा है खुद की नजर में ऊपर उठना। आपकी खुद के लिए क्या राय है ये मायने रखता है। लोगों की राय से खुद को कभी नहीं आंकें। लगातार खुद से संवाद करना सीखें और अपनी ही नजरों में खुद की एक पहचान बनाएं। अपने अंदर की ताकत को तुरंत ही महसूस करने लगेंगे।
इन बातों का रखें ध्यान
1. अगर आप सुबह जल्दी उठने की आदत डालेंगे तो दिनभर रिलेक्स फील करेंगे। इस दौरान आप एक्सरसाइज कर सकते हैं, पढ़ सकते हैं और अपने बारे में सोच सकते हैं। वैसे भी सुबह जल्दी उठने वाले कई बीमारियों से दूर रहते हैं।
2. उन चीजों पर ज्यादा फोकस करें जो आपके लिए ज्यादा मायने रखती हों। कैलेंडर में खुद से संबंधित बातों को भी फीड करें और उन्हें प्राथमिकता से पूरा करें।
3. हर किसी के लिए जरूरी है दोस्त। ऐसे दोस्त जो मुसीबतों से उबार सके और जिस पर आंख मूंदकर भरोसा कर सकें।
4. मेहनत के अनुरूप परिणाम न मिलने पर दुख होता है, लेकिन उसे वजह बनाकर अपनी प्रोडक्टिविटी को कम न होने दें।
5. बातों को शेयर करें न कि अपने मन पर बोझ को दिन-ब-दिन बढ़ाते जाएं।
6. दूसरों की वजह से अपने कार्यक्रम तय करने में आपको परेशानी आ रही है, तो उन्हें यह बात बेहिचक बताएं।
7. फिल्में देखना, गाना सुनना, मॉर्निग वॉक, नियमित व्यायाम मन के लिए अच्छा है।
No comments:
Post a Comment